बाबा पृथ्वी सिंह आजाद हमारे रोल मॉडल थे, उनका पूरा जीवन हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत”: विधायक कुलजीत सिंह रंधावा
फर्स्ट एज स्कूल में स्वतंत्रता सेनानी बाबा पृथ्वी सिंह आजाद की प्रतिमा का अनावरण
डेराबस्सी, फर्स्ट एज स्कूल, डेराबस्सी में प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, क्रांतिकारी एवं देशभक्त बाबा पृथ्वी सिंह आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्कूल परिसर में बाबा पृथ्वी सिंह आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह की अध्यक्षता डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने की।
इस अवसर पर बोलते हुए विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा, “बाबा पृथ्वी सिंह आजाद हमारे रोल मॉडल थे। उनकी पूरी जिंदगी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की तरक्की और आजादी के लिए उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। उनके जीवन और संघर्ष से आज की युवा पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए।”
विधायक रंधावा ने स्कूल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें देश के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्कूल द्वारा बाबा पृथ्वी सिंह आजाद की प्रतिमा स्थापित कर विद्यार्थियों को उनके जीवन और विचारों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम में बाबा पृथ्वी सिंह आजाद के पोते आदित्य भाटी और कार्तिक भाटी, स्कूल की संस्थापक निदेशक रुपाली भाटी, प्रधानाचार्या हेमा चौधरी, शिक्षक, अभिभावक तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।
समारोह के दौरान बाबा पृथ्वी सिंह आजाद के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया गया। विद्यार्थियों ने कविता, विशेष प्रस्तुति और नृत्य के माध्यम से बाबा जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
फर्स्ट एज स्कूल प्रबंधन ने कहा कि बाबा पृथ्वी सिंह आजाद के साथ स्कूल का विशेष जुड़ाव है और संस्था उनके आदर्शों एवं विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्कूल की स्थापना का उद्देश्य बच्चों को मजबूत शैक्षणिक आधार देने के साथ-साथ उन्हें स्वतंत्रता के महत्व, देश के इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से परिचित कराना भी है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, बाबा पृथ्वी सिंह आजाद की प्रतिमा विद्यार्थियों को उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाती रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
