भगत सिंह जयंती पर डेराबस्सी में रक्तदान शिविर, 60 लोगों ने किया रक्तदान
डेराबस्सी, 28 सितंबर। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के मौके पर डेराबस्सी के कम्युनिटी हॉल में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रॉपर्टी डीलर्स एंड बिल्डर्स एसोसिएशन तथा भारत विकास परिषद विवेकानंद के संयुक्त आयोजन में कुल 60 लोगों ने रक्तदान किया। रक्त संग्रह की जिम्मेदारी इंडस अस्पताल डेराबस्सी की टीम ने संभाली।
शिविर में डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और लोगों को नियमित रूप से इस मानवीय कार्य में योगदान देना चाहिए।
आयोजन में नगर काउंसिल प्रधान आशु उपनेजा, पार्षद नरेश उपनेजा, वाइस प्रधान दविंदर सिंह सैणी, पार्षद दविंदर सिंह और मास्टर करम सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रॉपर्टी डीलर्स एंड बिल्डर्स एसोसिएशन के प्रधान मोहन सैणी ने कहा कि भगत सिंह की जयंती पर रक्तदान शिविर लगाने का मकसद उनके बलिदान को याद करने के साथ समाजसेवा का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को समय पर मिला रक्त उसके लिए जीवनदायिनी मदद साबित हो सकता है।
एसोसिएशन के महासचिव तजिंदर कपिल, चेयरमैन कुलदीप रंगी, एडवाइजर रमेश राणा, सेक्रेटरी रविंदर सिंह रवी और कैशियर बलबीर सैणी समेत अन्य पदाधिकारी भी शिविर में मौजूद रहे।
वहीं भारत विकास परिषद विवेकानंद के प्रधान नितिन जिंदल के नेतृत्व में परिषद के सदस्यों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग दिया। इस दौरान बरखा राम, अश्विनी शर्मा, जय प्रकाश धीमान, उपेश बंसल, गुरदीप चहल और अंकित नारंग सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।
आयोजकों ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों, इंडस अस्पताल की मेडिकल टीम और आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का धन्यवाद किया।

