सीवरेज कनेक्शन का काम नगर कौंसिल ने रुकवाया, गड्ढा नहीं भरा; ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली धंसी
डेराबस्सी, 28 सितंबर। हैबतपुर रोड पर सीवरेज कनेक्शन के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क किनारे छोड़ा गया गड्ढा सोमवार को हादसे का कारण बनते-बनते बच गया। ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया सड़क के कमजोर किनारे में धंस गया, जिससे ट्रॉली के पलटने का खतरा पैदा हो गया। हालांकि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर को संभाल लिया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हैबतपुर रोड पर सड़क किनारे सीवरेज कनेक्शन जोड़ने के लिए खुदाई की गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर नगर कौंसिल की टीम मौके पर पहुंची थी और सीवरेज कनेक्शन का काम रुकवा दिया गया था। इसके बाद भी खुदाई वाले स्थान को पूरी तरह भरकर सड़क किनारे को मजबूत नहीं किया गया।
सोमवार को ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क का कच्चा और कमजोर किनारा ट्रॉली का भार नहीं सह सका और उसका एक हिस्सा गड्ढे में धंस गया। ट्रॉली के एक तरफ झुकने से उसके पलटने की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और बाद में जेसीबी की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हैबतपुर रोड पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क किनारे खुदाई के बाद गड्ढे को खुला छोड़ना वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है। लोगों के अनुसार मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत भी नहीं लगाए गए थे।
स्थानीय निवासियों ने नगर कौंसिल से मांग की है कि खुदाई वाले स्थान को जल्द से जल्द भरकर सड़क किनारे को मजबूत किया जाए। साथ ही भविष्य में सड़क किनारे किसी भी प्रकार की खुदाई के बाद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति पैदा न हो।
