कांग्रेस सेवा दल ने किया संगठन का विस्तार, धनवीर राणा व धर्मपाल सिंह को मिली जिम्मेदारी
डेराबस्सी, 28 सितंबर। कांग्रेस सेवा दल ने संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करते हुए धनवीर सिंह राणा को जिला इकाई का वरिष्ठ उपाध्यक्ष और धर्मपाल सिंह को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। दोनों नियुक्तियां कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष भूपिंदर शर्मा द्वारा की गईं।
डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रतिनिधि एवं पंजाब कांग्रेस के प्रवक्ता अमित बावा सैनी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अमित बावा सैनी ने कांग्रेस सेवा दल के संगठनात्मक विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता लाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस सेवा दल की राष्ट्रीय जिम्मेदारी श्रीनिवास बीवी को सौंपे जाने का उल्लेख करते हुए इसे संगठन को सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल की समाजसेवा और समर्पण की लंबी परंपरा रही है। उनके अनुसार, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी कांग्रेस सेवा दल से जुड़े रहे हैं। इसी भावना के साथ डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में सेवा दल की टीम सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं डेराबस्सी ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान बलदेव सिंह रुड़की, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के विधानसभा अध्यक्ष गुरशरण (सौरव) थम्मन, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव परवीन मखीजा, विक्रम सिंह राणा, लालड़ू के करनैल सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
