‘आप’ सरकार ने गांवों के विकास को किया नजरअंदाज: एन.के. शर्मा
पूर्व विधायक ने डेराबस्सी हलके के कई गांवों का दौरा कर सुनीं लोगों की समस्याएं
डेराबस्सी। डेराबस्सी हलके के पूर्व विधायक एन.के. शर्मा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर ग्रामीण विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल पूरा होने की ओर है, लेकिन हलके के कई गांव ऐसे हैं, जहां मौजूदा विधायक ने अब तक एक बार भी दौरा नहीं किया।
एन.के. शर्मा अपने जनसंपर्क अभियान के तहत डेराबस्सी हलके के गांव परागपुर, इब्राहीमपुर, बहोड़ा, बहोड़ी और बरौली सहित कई गांवों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
गांवों में सड़क, पानी और बिजली की समस्याओं का उठाया मुद्दा
एन.के. शर्मा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार के कार्यकाल के दौरान इन गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में गांवों की सड़कों की हालत खराब है और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित है।
उन्होंने कहा कि गांवों में लंबे समय तक बिजली कटौती होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, अकाली दल की सरकार के समय डेराबस्सी हलके में बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए ट्रांसफार्मर और ग्रिड व्यवस्था को मजबूत किया गया था।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि इसके बाद सत्ता में आई कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
कई अकाली नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर अकाली दल के सर्कल प्रधान राजेंद्र सिंह ईस्सापुर, जिला युवा अध्यक्ष तरनबीर सिंह पूनिया, ज्ञान सिंह, गुरप्रीत सिंह, रेशम सिंह, आमिर खान, जसविंदर सिंह जस्सी और अमरीक सिंह सहित कई अकाली नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
