मुबारकपुर-ढकोली मार्ग पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत, 30 करोड़ से बनेगा 300 मीटर लंबा पुल
बार-बार लगने वाले जाम से मिलेगी निजात, विधायक कुलजीत सिंह रंधावा जल्द रख सकते हैं नींव पत्थर
संवाद सहयोगी जागरण, डेराबस्सी, 24 सितंबर : डेराबस्सी क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण पुराने अंबाला रोड पर मुबारकपुर-ढकोली पुल के निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई लगभग 300 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी। पुल के साथ स्लिप रोड भी बनाए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित पुल का निर्माण सूर्य महल की ओर से शुरू होकर घग्गर नदी को पार करते हुए ढकोली की तरफ किया जाएगा। परियोजना को करीब 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बताया जा रहा है कि हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा जल्द ही इस महत्वपूर्ण परियोजना का नींव पत्थर रख सकते हैं। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
पुराना अंबाला रोड डेराबस्सी क्षेत्र को ढकोली, पंचकूला और आगे शिमला से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। मार्ग छोटा होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने से वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मौजूदा पुल पर पानी आ जाता है और वर्ष में एक-दो बार रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। ऐसे में लोगों को वैकल्पिक रास्तों से होकर जाना पड़ता है। नए पुल के निर्माण से जाम के साथ-साथ बरसात में रास्ता बंद होने की समस्या का भी समाधान होने की उम्मीद है।
नया पुल बनने के बाद डेराबस्सी से ढकोली और पंचकूला की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर मार्ग उपलब्ध होगा। इसके साथ ही अंबाला-चंडीगढ़ रोड और मुबारकपुर-रामगढ़ रोड पर भी यातायात का भार कम होने की उम्मीद है, जिससे इन मार्गों पर लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिल सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग पर जाम और यातायात की समस्या बनी हुई है। नया पुल बनने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि बरसात के दौरान आवागमन बाधित होने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। लोगों को उम्मीद है कि पुल का निर्माण जल्द शुरू होकर निर्धारित 18 महीने की अवधि में पूरा किया जाएगा।
