डेराबस्सी में क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे मनीष सिसोदिया
नशे से दूर रखने के लिए युवाओं को खेलों से जोड़ना जरूरी : सिसोदिया
डेराबस्सी, 28 सितंबर (करण):- डेराबस्सी स्थित इंद्रजीत अकादमी के क्रिकेट मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया विशेष रूप से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। डेराबस्सी हलके के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों को संबोधित किया।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों के साथ जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और मेहनत की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे क्रिकेट टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाते हैं।
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मनीष सिसोदिया और विधायक कुलजीत सिंह रंधावा को आयोजकों की ओर से सम्मानित भी किया गया। दोनों नेताओं ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग क्रिकेट मैदान में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
