डेराबस्सी में 500 ड्रोन के शानदार शो ने संगत को कराया गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन से परिचित
डेराबस्सी में 500 ड्रोन के शानदार शो ने संगत को कराया गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन से परिचित
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा बोले—गुरु रविदास जी की महान शिक्षाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है पंजाब सरकार
डेराबस्सी, 30 सितंबर। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा आयोजित विशेष समारोहों की श्रृंखला के तहत बुधवार देर शाम सरकारी कॉलेज डेराबस्सी में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। आसमान में एक साथ उड़ाए गए 500 ड्रोन ने रोशनी की आकर्षक आकृतियां बनाकर संगत को श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, वाणी, विचारधारा और दर्शन से परिचित कराया।

रात के आसमान में जगमगाते सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन और उनकी महान शिक्षाओं को मनमोहक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में संगत सरकारी कॉलेज परिसर में पहुंची। संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ ड्रोन शो का आनंद लिया।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।
गुरु रविदास जी की शिक्षाएं मानवता के लिए मार्गदर्शक : रंधावा
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के कल्याण, समानता और भाईचारे के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से गुरु साहिब के जीवन, वाणी और शिक्षाओं को युवा पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की वाणी पूरी मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और साझीवालता का संदेश देती है। उनकी विचारधारा किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समूची मानवता के लिए समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देती है।
रंधावा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए मनुष्य को अच्छे कर्मों और उच्च आचरण का मार्ग दिखाया।
650वें प्रकाश पर्व को समर्पित सालभर होंगे कार्यक्रम
विधायक रंधावा ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक वर्ष तक चलने वाले समारोहों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि इन समारोहों का उद्देश्य गुरु साहिब के महान विचारों और मानवता के कल्याण के संदेश को नई पीढ़ी तक आधुनिक एवं प्रभावी माध्यमों से पहुंचाना है।
रागी जत्थे ने कीर्तन से संगत को किया निहाल
समारोह के दौरान भाई मनजीत सिंह अंबाले वालों के रागी जत्थे ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया। कीर्तन के दौरान संगत आध्यात्मिक रंग में रंगी नजर आई। बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने पंजाब सरकार की इस पहल की सराहना की।
