डेरा बसी में हिमाचल की महिला क्रिकेटरों का दमदार अभ्यास, धूप-उमस में भी नहीं थमा जोश

0
WhatsApp Image 2026-09-07 at 18.28.26
Spread the love

शिविर में भारतीय क्रिकेटर सुषमा वर्मा और वुमन प्रीमियर लीग की खिलाड़ी शिवानी सिंह भी अभ्यास करती नजर आईं।

डेराबस्सी, दप्पर क्षेत्र स्थित इंदरजीत क्रिकेट अकादमी में हिमाचल प्रदेश महिला क्रिकेट टीम का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। कड़कती धूप और उमस भरे मौसम के बावजूद महिला क्रिकेटरों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। खिलाड़ी मैदान पर जमकर पसीना बहाते हुए बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण का अभ्यास करती नजर आईं।इस प्रशिक्षण शिविर की विशेष बात यह रही कि हिमाचल प्रदेश की दो जानी-मानी क्रिकेट खिलाड़ी भी यहां अभ्यास करती नजर आईं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व विकेटकीपर और बल्लेबाज सुषमा वर्मा तथा प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज शिवानी सिंह की मौजूदगी ने शिविर में अभ्यास कर रही खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।सुषमा वर्मा हिमाचल प्रदेश की उन प्रमुख महिला क्रिकेटरों में शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वर्ष 2017 के महिला क्रिकेट विश्व कप के बाद हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें पुलिस उपाधीक्षक पद की पेशकश की थी।वहीं, हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिवानी सिंह भी महिला क्रिकेट में तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं। हाल ही में महिला प्रीमियर लीग की बड़ी खिलाड़ियों की नीलामी में उन्हें गुजरात जायंट्स टीम ने 10 लाख रुपये की राशि में अपनी टीम में शामिल किया। शिवानी की मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव लेने और उनसे सीखने का अवसर मिल रहा है।टीम के प्रबंधक शिव कपूर ने बताया कि यह दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर इंदरजीत क्रिकेट अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद टीम का अगला प्रशिक्षण शिविर किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश महिला क्रिकेट टीम को कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है। इन्हीं प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को शारीरिक और तकनीकी रूप से तैयार किया जा रहा है।शिव कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिला क्रिकेट की प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश की कई युवा खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण से इन खिलाड़ियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।इंदरजीत क्रिकेट अकादमी में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी सुषमा वर्मा और महिला प्रीमियर लीग में जगह बना चुकी शिवानी सिंह को मैदान पर अभ्यास करते देख युवा खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह नजर आया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *