क्रिकेट टूर्नामेंट के जरिए युवाओं को खेलों से जुड़ने का संदेश
डेराबस्सी,
हलका डेराबस्सी के गांव हरिपुर हिंदुओं में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ के स्टेट कार्यकारी सदस्य एवं प्रवक्ता जशनदीप सिंह संधू, जिला प्रधान जगदीप सिंह कंसाला और जिला उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह सरसीणी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, आयोजक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में गांव खेलन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। गांव गज्जू खेड़ा की टीम दूसरे स्थान पर रही, जिसे 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। मुरादनगर की टीम ने तीसरा और पारवाला की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया। दोनों टीमों को 3100-3100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा प्रतियोगिता में बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट गेंदबाज को 2100-2100 रुपये का पुरस्कार दिया गया, जबकि मैन ऑफ द सीरीज को एलसीडी देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में उपस्थित नेताओं ने युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच की ओर ले जाते हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
आयोजकों ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, ग्रामवासियों और सहयोगियों का आभार जताया।
