पीएयू किसान क्लब का मासिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित110 के करीब किसानों ने लिया प्रशिक्षण, पराली प्रबंधन व रबी फसलों की खेती पर दी जानकारी
लुधियाना, 1 अक्टूबर: पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के किसान क्लब की ओर से आयोजित किए जाने वाले मासिक प्रशिक्षण शिविरों की कड़ी के तहत वीरवार को विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसमें करीब 110 किसानों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने किसानों को मौजूदा कृषि कार्यों और खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के बारे में जानकारी दी।
फसल विज्ञान विभाग की विशेषज्ञ डॉ. जगत रूप कौर ने किसानों को पराली प्रबंधन के विभिन्न तरीकों और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पराली को खेत में उचित ढंग से संभालने तथा इससे होने वाले पर्यावरणीय और कृषि संबंधी लाभों के बारे में जागरूक किया।
डॉ. रूमा देवी ने सर्दियों में उगाई जाने वाली सब्जियों की खेती संबंधी जानकारी साझा की। उन्होंने किसानों को विभिन्न सब्जियों की सफल खेती के लिए जरूरी तकनीकों और सावधानियों के बारे में बताया। फ्लोरीकल्चर विशेषज्ञ डॉ. सिमरत सिंह ने लैंडस्केपिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान डॉ. शेली नय्यर ने तिलहन फसलों की खेती संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी किसानों के साथ साझा की। वहीं डॉ. इंद्रप्रीत कौर धालीवाल ने गेहूं की सफल खेती के लिए अपनाई जाने वाली कृषि तकनीकों पर किसानों के साथ विचार-विमर्श किया और जरूरी सुझाव दिए।
शिविर के दौरान डॉ. लवलीश गर्ग ने स्वागत भाषण दिया। पीएयू किसान क्लब के अध्यक्ष मनप्रीत सिंह ग्रेवाल ने शिविर के अंत में सभी विशेषज्ञों, किसानों और आयोजकों का धन्यवाद किया। शिविर के समन्वयक वरिंदर सिंह रहे।
