पीएयू में कल से शुरू होगा दो दिवसीय किसान मेला, मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे उद्घाटन

0
Gate Pic
Spread the love

लुधियाना, 17 सितंबर 2026। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना में हाड़़ी की फसलों को लेकर आयोजित होने वाले दो दिवसीय किसान मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसान मेला 18 सितंबर से शुरू होगा। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के माध्यम से कृषि आय बढ़ाने के उपायों के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष किसान मेले की थीम ‘वैज्ञानिक ढंग अपनाओ, खेती आय बढ़ाओ’ रखी गई है।

पीएयू के अपर निदेशक संचार डॉ. तेजिंदर सिंह रियाड़ ने बताया कि किसान मेले के उद्घाटन समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता पीएयू के वाइस चांसलर एवं रजिस्ट्रार स. सुखजीतपाल सिंह करेंगे, जबकि पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां विशेष अतिथि होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा नई कृषि तकनीकों और नवाचारों को अपनाकर मिसाल कायम करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।

किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच होगा संवाद

दो दिवसीय किसान मेला किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। यहां किसान आगामी फसल सीजन के दौरान सामने आने वाली समस्याओं, फसलों में होने वाली बीमारियों और कीटों के प्रकोप के साथ-साथ नई कृषि किस्मों को लेकर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

मेले में किसानों को पराली प्रबंधन के लिए उपलब्ध आधुनिक मशीनरी और तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। पराली प्रबंधन के लिए अनुशंसित सरफेस सीडर, स्मार्ट सीडर और सुपर सीडर जैसी मशीनों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न मशीनरी निर्माताओं की ओर से भी आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।

सैकड़ों स्टॉल रहेंगे आकर्षण का केंद्र

किसान मेले में पीएयू के विभिन्न विभागों के अलावा निजी कंपनियों, कृषि मशीनरी निर्माताओं और कृषि तकनीकों का प्रसार करने वाली संस्थाओं के सैकड़ों स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, तकनीकों और खेती से संबंधित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

किसानों की विशेष रुचि पीएयू की ओर से विकसित की गई फसल किस्मों, फलों के पौधों और कृषि साहित्य में रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए फसलों के बीज, फलदार पौधों और कृषि साहित्य की सदस्यता के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं।

नामी कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

किसान मेले के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार सुरजीत भुल्लर, दलजीत धलेरिया सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मेले में विशेषज्ञों के साथ सवाल-जवाब सत्र भी किसानों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।

पीएयू के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि किसान मेले में पंजाब के विभिन्न जिलों के साथ-साथ आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे और वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीकों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *