खेडा वतन पंजाब दियां के चौथे सीजन की शानदार शुरुआत

0
WhatsApp Image 2026-09-12 at 17.53.05
Spread the love

विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी हलके में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का किया उद्घाटन

विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ लिया भाग

लालड़ू/डेराबस्सी

पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘खेडा वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन की आज डेराबस्सी और लालड़ू में शानदार शुरुआत हुई।

विधायक डेराबस्सी स. कुलजीत सिंह रंधावा ने सरकारी कॉलेज डेराबस्सी तथा लालड़ू खेल स्टेडियम से ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इन खेल प्रतियोगिताओं के दौरान एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। खेल मैदानों में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों द्वारा की गई हौसला-अफजाई खेल मेले के माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाती रही।

विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘खेडा वतन पंजाब दियां’ युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि सरकारी कॉलेज डेराबस्सी, लालड़ू खेल स्टेडियम और सुखमनी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की जा रही ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं तीन दिन तक जारी रहेंगी, जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर विजेता रहने वाली टीमें अगले चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। जिला स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों/खिलाड़ियों को सरकार द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 10,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 7,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *